ग्रामीणों के लिए बड़ी पहल: वैष्णोपुर पंचायत सचिवालय में 19 अक्टूबर को लगेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

दिलीप कुमार | बस्ती | 16 अक्टूबर 2025

बस्ती। ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी और जिला चिकित्सालय, बस्ती के सहयोग से 19 अक्टूबर को वैष्णोपुर पंचायत सचिवालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर रविवार सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेद के विशेषज्ञ डॉक्टर ग्रामीणों को जांच और परामर्श देंगे।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बीमारियों की समय पर पहचान कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। सभी तीनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ एक ही जगह उपलब्ध रहेंगे ताकि ग्रामीण अपनी सुविधा अनुसार जांच और इलाज करवा सकें।

आयोजन ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी, बेलवाडाड़ द्वारा किया जा रहा है, जबकि स्वास्थ्य विभाग डॉक्टरों की टीम और दवाएं उपलब्ध कराएगा। प्रचार-प्रसार में शिव मेडिकल स्टोर, चमनगंज (कलवारी) सहयोग करेगा।

प्रदेश स्तरीय गैर-लाभकारी संस्था ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के उपाध्यक्ष अमित पटेल ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि ग्रामीण इलाकों में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचे ताकि किसी की आर्थिक स्थिति उसके इलाज में बाधा न बने।”

वैष्णोपुर पंचायत के ग्राम प्रधान किशोर कुमार ने इस पहल के लिए संस्था का आभार जताया और कार्यक्रम को सफल बनाने में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

क्षेत्रवासियों अभिषेक यादव, अब्दुर रहीम, सचिन अग्रहरि और जय प्रकाश ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों के लिए लाभकारी कदम बताया। ग्रामीणों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर अपने स्वास्थ्य की जांच और परामर्श प्राप्त करें।
Previous Post Next Post