दिलीप कुमार | बहादुरपुर, बस्ती | 14 नवंबर, 2025
बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड के खरकाभारी गांव में सड़क के बीचोबीच खड़ा बिजली का खंभा अब भी जस का तस बना हुआ है। जनदबाव, शिकायतों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बावजूद विद्युत विभाग के कर्मचारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
यह खंभा ग्राम जिगिनियां से खरकाभारी को जोड़ने वाली पक्की सड़क के ठीक बीच खड़ा है, जिससे रोजाना हादसे की आशंका बनी रहती है। कुछ दिन पहले इसी स्थान पर एक व्यक्ति घायल भी हो चुका है, जिसके बाद गांव में नाराजगी और बढ़ गई।
बीते अगस्त माह में जिला पंचायत सदस्य राजेश पटेल ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, बस्ती के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अरुण सिंह को पत्र सौंपते हुए कहा,
“सड़क के बीच खड़ा यह बिजली का खंभा किसी भी वक्त बड़ा हादसा करा सकता है। यह कहना कि शिकायतकर्ता ही खर्च उठाए, अमानवीय और गलत है। विभाग तुरंत इसे हटाए।”
अब्दुर रहीम खान और ग्रामीण से गुलज़ार,कैफ, कमरान, दानिश, अहमद, बिलाल खान का कहना है कि जिस विभाग के कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की बात भी नहीं सुनते वे हमारी क्या सुनेंगे। हम शिकायतें देते हैं और वे शिकायतों को अनदेखा कर रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हम आंदोलन करने को बाध्य होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
यह मामला अब क्षेत्र में सुरक्षा, प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।
मामले में तत्कालीन एक्सईएन ने स्थलीय निरीक्षण और विभागीय कार्यवाही के लिए एसडीओ को आदेशित किया लेकिन ये आदेश भी बेअसर रहा।
Tags
बस्ती