दिलीप कुमार | 6 मार्च 2026
बस्ती के थाना कलवारी क्षेत्र में 12वीं की छात्रा के चर्चित हत्याकांड से जुड़े मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। माझा इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि अपने आप को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल रविंदर सिंह के बाजू को छूती हुई निकल गई। हालांकि पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में छात्रा को घर में घुसकर गो*ली मारने वाले अभियुक्त का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, एसओजी और स्वाट टीम के जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार आरोपी मनदीप कई दिनों से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने माझा इलाके में घेराबंदी कर धरपकड़ शुरू की। इसी दौरान आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अभियुक्त के एक पैर में गो*ली मारकर उसे घायल कर दिया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी सरयू नदी पार कर अंबेडकरनगर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की कड़ी निगरानी के चलते वह बच नहीं सका।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने छात्रा की हत्या के दौरान उसकी मां पर भी फायरिंग की थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गई थीं। यह पूरा मामला बैडारी एहतमाली गांव की रहने वाली 12वीं की छात्रा अनुष्का के ह*त्याकांड से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
