कलवारी, बस्ती।
बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र स्थित चौधरी त्रिवेणी राम बालिका इंटर कॉलेज में टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) न दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित छात्रा के परिजनों ने जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला बेलवाडांड़ गांव की रहने वाली छात्रा मुस्कान से जुड़ा है, जो पिछले कई हफ्तों से अपने विद्यालय से टीसी लेने के लिए लगातार चक्कर लगा रही है, लेकिन हर बार उसे निराश होकर लौटना पड़ रहा है। सोमवार को एक बार फिर मुस्कान की बड़ी बहन आशिकी विद्यालय पहुंची, लेकिन वहां भी उन्हें टीसी नहीं दी गई।
आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा चौधरी द्वारा हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर टीसी देने में टालमटोल किया जा रहा है। इस बार उन्हें बताया गया कि “बड़े बाबू मिठाई लेने गए हैं, कल आना।” इससे पहले भी कई बार इसी तरह के बहाने बनाकर छात्रा को वापस भेजा जा चुका है।
जब छात्रा की बहन से स्कूल छोड़ने का कारण पूछा गया तो वह भावुक हो गई। उसने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। पिता की तबीयत अक्सर खराब रहती है और भाई मुंबई में मजदूरी करता है। उसने कहा कि वह सरकारी विद्यालय में दाखिला लेना चाहती है, लेकिन टीसी न मिलने के कारण उसका भविष्य अधर में लटका हुआ है।
इस पूरे मामले पर जब जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से बात की गई तो उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिलाधिकारी बस्ती से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक संज्ञान लेकर छात्रा को न्याय दिला पाता है।
