बस्ती में रोजगार सेवक का शव खेत में मिलने से सनसनी, पत्नी ने जताई ह*त्या की आशंका

 


बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में एक रोजगार सेवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खम्हरिया गांव निवासी 45 वर्षीय लार्ड शेक्सपियर के रूप में हुई है, जो रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत थे। उनका शव रुधौली थाना क्षेत्र के छितही प्रहलाद गांव के सिवान में स्थित एक खेत से बरामद हुआ।

परिजनों के अनुसार लार्ड शेक्सपियर बुधवार सुबह गांव के ही एक व्यक्ति के साथ घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी मां शांति देवी और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार रात करीब 9 बजे उनका शव छितही प्रहलाद गांव के एक खेत में पड़ा मिला। शव पर सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट और कटने के निशान पाए गए।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी सरोज, जो सहारनपुर जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं, गुरुवार दोपहर घर पहुंचीं। पति के शव पर चोटों के निशान देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि उनके पति की बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

सूचना मिलते ही वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतक अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सरोज के अलावा 17 वर्षीय पुत्र शेखर और 15 वर्षीय पुत्र सागर हैं। वहीं उनका छोटा भाई स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Previous Post Next Post