कलवारी क्षेत्र में लगातार बारिश से धान-गन्ना को राहत, सब्ज़ी फसलों पर मंडराया खतरा


बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र में मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत दी और धान व गन्ने की खेती करने वाले किसानों के चेहरे खिला दिए। लगातार बारिश अब सब्ज़ी उत्पादकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

बेलवाडाड़ निवासी किसान जसवंत कुमार का कहना है कि यह बारिश समय पर आई संजीवनी की तरह है। “धान की रोपाई के लिए पम्पसेट चलाकर पानी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी, और जमीन की नमी लंबे समय तक बनी रहेगी,”

पड़री निवासी सब्ज़ी उत्पादक दिलीप वर्मा ने बताया कि भारी बारिश से नेनुआ, लौकी और सरपुतिया जैसी जमीन से सटी फसलें प्रभावित हो रही हैं। पानी भरने से इन फसलों में सड़न और फफूंदी का खतरा बढ़ गया है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि “बारिश के बाद सब्ज़ियों के दाम बढ़ सकते हैं, जिससे भिंडी जैसी ऊँची फसलों की बिक्री से कुछ नुकसान की भरपाई संभव है।”

ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कच्ची सड़कों पर जल जमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।

मौसम विज्ञान विभाग और स्थानीय मौसम पोर्टलों (Weather-India.in, EaseWeather.com) के अनुसार, बुधवार को जिले में दिन भर बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि गुरुवार सुबह तक हल्की बारिश और बाद में बादल छाए रहेंगे। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे सब्ज़ी व अन्य संवेदनशील फसलों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें और फसलों में रोग नियंत्रण पर विशेष ध्यान दें।

ग्रामीणों का मानना है कि यदि बारिश का सिलसिला लंबा खिंच गया तो धान व गन्ने की फसलों के साथ-साथ सब्ज़ियों को भी भारी नुकसान हो सकता है।
Previous Post Next Post