 |
| चोरी करते पकड़ा गया शख्स |
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के शेखपुरा पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी के पंप हाउस से गुरुवार को दिनदहाड़े बैटरी चोरी की कोशिश की गई। ग्रामीणों की सतर्कता से दो चोरों को रंगे हाथ पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। बताया गया कि पंप हाउस के विद्युत कक्ष में चोर पहले दो बैटरियां चुरा चुके थे। जब वे दो और बैटरियां चुराने पहुंचे, तो खेत में काम कर रहे एक किसान को उनकी गतिविधि संदिग्ध लगी। किसान ने तत्काल ग्रामीणों को जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों चोरों को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची कलवारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए एक चोर की पहचान कुसौरी निवासी अज्जू के रूप में हुई है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ ने बताया कि चोरों ने पहले दो बैटरियां चुरा ली थीं और जब करीब आधे घंटे बाद वे दोबारा बचे हुए बैटरियों को चुराने आए, तभी ग्रामीणों ने उन्हें धर दबोचा।
भाजपा नेता प्रेम प्रकाश चौधरी ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि कलवारी थाना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाएं पुलिस प्रशासन की नाकामी दर्शाती हैं। उन्होंने मांग की कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
ग्रामीण विश्वनाथ, अभिषेक, ओम प्रकाश ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और सख्त कार्रवाई की मांग की।
किसान प्रतिनिधि रामकृष्ण पटेल ने कहा कि इससे पहले भी गांव में लिस्टर पंप और मवेशियों की चोरी हो चुकी है। लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।