चमनगंज टांडा कलवारी मार्ग पर स्थित एनएच-28 पर बरसात का पानी कई दिनों से जमा होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे जलभराव से न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासी अभिषेक यादव का कहना है कि सड़क पर पानी भर जाने से लोग पानी में उतरकर नहीं जाना चाहते, बल्कि मजबूरी में रोड की पटरी बदलकर जाने की कोशिश करते हैं। इससे दुर्घटनाओं की संभावना और भी अधिक बढ़ जाती है। वहीं, दुकानदार बालमुकुंद उपाध्याय ने बताया कि पानी भरने से ग्राहकों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ा है।
विजय यादव का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों को घर से निकलने में बड़ी मुश्किल होती है। स्कूल जाने वाले बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कभी भी हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की हेल्पलाइन 1033 पर दर्ज कराई गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप धारण कर सकती है।
स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस जलभराव को हटाकर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
Tags
बस्ती