शेखपुरा हनुमान मंदिर भंडारा: समिति की पहली बैठक, जुटा 20 हज़ार का सहयोग


बस्ती। बहादुरपुर विकासखंड की शेखपुरा पंचायत स्थित हनुमान मंदिर में 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशाल भंडारे और अखंड हरिकीर्तन की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। रविवार को मंदिर प्रांगण में समिति गठित होने के बाद पहली बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें पदाधिकारी, भक्तजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई और बताया गया कि अब तक इतने सीमित समय में लगभग 20 हज़ार रुपये मूल्य का सहयोग प्राप्त हो चुका है। इसमें नकद राशि के साथ अनाज और सामग्री का योगदान भी शामिल है। सहयोग देने वालों में शेखपुरा पंचायत के ग्रामीणों के साथ-साथ बस्ती, गोरखपुर और अन्य स्थानों के लोग भी शामिल हैं, जो डिजिटल माध्यम से सहयोग पहुँचा रहे हैं।

मंदिर पुजारी आशाराम पाण्डेय के संरक्षण में गठित समिति की इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में स्थानीय स्तर पर सहयोग अभियान को और गति दी जाएगी। सूर्य प्रकाश चौधरी और देवानंद शुक्ल के सुझाव के बाद यह तय हुआ कि बुधवार दोपहर 1 बजे स्थानीय व्यापारियों के साथ विशेष बैठक होगी। इसके बाद महिला संगठनों से भी संवाद स्थापित कर सहयोग जुटाने का निर्णय लिया गया।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी ने कहा कि यह आयोजन सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। “गांव का हर व्यक्ति तन, मन और धन से आगे आ रहा है। यही उत्साह इस धार्मिक आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाएगा।”
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ करेगा बल्कि सामाजिक एकजुटता और आपसी मेलजोल की मिसाल भी बनेगा।

Previous Post Next Post