कुसौरा बाजार में NH-28 पर जलभराव, दुकानदार और राहगीर परेशान

सड़क पे रूका पानी
बस्ती। कुसौरा बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर जलभराव की समस्या से लोगों की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बरसात में करीब 700 मीटर लंबे हिस्से पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे बाजार का पूरा माहौल अस्त-व्यस्त हो गया है।
NH विभाग द्वारा नाले की लंबाई बढ़ाने का दावा किया गया था, ताकि पानी का निकास सही ढंग से हो सके, लेकिन स्थिति इसके विपरीत है। दुकानदारों का कहना है कि पानी और कीचड़ भरने से ग्राहकों का आना-जाना कम हो गया है, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी मिट्ठूलाल ने बताया कि “NH विभाग द्वारा बनाई गई सड़कें बेहद खराब गुणवत्ता की हैं। बरसात होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ फैलने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।”

वहीं, अब्दुर्रहीम ने आक्रोश जताते हुए कहा कि “NH-28 पर जलभराव की समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन विभाग और प्रशासन पूरी तरह बेखबर है। दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और यात्रियों की जान खतरे में है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करना पड़ेगा।”

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि NH विभाग और प्रशासन तुरंत जल निकासी की व्यवस्था कराए और सड़क को दुरुस्त करे, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।

Previous Post Next Post