राम जानकी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: दो बसों की जोरदार टक्कर, 15 लोग घायल, 3 बच्चों की हालत गंभीर

दिलीप कुमार बस्ती | 30 अक्टूबर 2025
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राम जानकी मार्ग पर चकदहा स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल के पास गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तिघरा इंटर कॉलेज की स्कूली बस सड़क किनारे बच्चों को बैठा रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सहारा बस सर्विस ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

इस भयानक हादसे में कुल 15 लोग घायल हुए, जिनमें 10 बच्चे और 5 अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल 3 बच्चों को जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया, जिनमें से 1 बच्चे की हालत चिंताजनक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सहारा बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जबकि स्कूली बस सड़क पर ही क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी रह गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने त्वरित बचाव कार्य शुरू किया और सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह और राम जानकी मार्ग के देवदूत के रूप में जाने जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया और राहत कार्य का संचालन किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सहारा बस चालक अत्यधिक तेज रफ्तार में था और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा तय की जाए, पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, और प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी पर रोक लगाई जाए।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Previous Post Next Post