दिलीप कुमार | बस्ती | 28 अक्टूबर 2025
बस्ती। ग्राम पंचायत शेखपुरा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ छठी मैया की पूजा सम्पन्न हुई। सोमवार को दुर्गा मंदिर परिसर के पास बने जलाशय पर भक्तों ने परंपरागत विधि-विधान से सूर्य देव और छठी मैया को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय रहा, वहीं मंगलवार को छठ पर्व के तीसरे दिन भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे का आयोजन शेखपुरा स्थित दुर्गा मंदिर पर पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पांडे के सानिध्य में किया गया। भक्तों ने मैया के भजन गाते हुए प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान गांव की महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर दिया।
छठ पर्व के पहले दिन से ही तैयारियां जोरों पर थीं। श्रद्धालुओं ने घाट की सफाई की और दीपों से सजावट की। पूजा में राघव राम पांडे, दूधनाथ सैनी, संदीप सैनी, अमित पांडे, अशोक पांडे, रामलोट पांडे समेत कई परिवार शामिल हुए। सभी ने सूर्य देव से सुख-समृद्धि की कामना की।
हनुमान मंदिर समिति के युवा अध्यक्ष रामकुमार अग्रहरि ने श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “छठ भारतीय संस्कृति का सबसे पवित्र पर्व है, जो आत्मसंयम, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का संदेश देता है। छठ मैया की कृपा सभी पर बनी रहे।”
भंडारे में अमित पांडे, दुर्गा प्रसाद पांडे, संदीप सैनी, प्रेम प्रकाश चौधरी, ओम प्रकाश, सत्य प्रकाश, प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी और समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से आयोजन को सफल बनाया।
ग्रामीणों ने कहा कि छठ पर्व केवल पूजा नहीं बल्कि एकता, स्वच्छता और सामूहिक सहयोग का प्रतीक है। शेखपुरा पंचायत में यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए भक्ति और सद्भाव का संदेश बन गया।
Tags
बस्ती