शेखपुरा हनुमान मंदिर में 24 घंटे का हरिकीर्तन सम्पन्न, विशाल भंडारा में भक्तों और ग्रामीणों ने ग्रहण किया प्रसाद।


बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र अंतर्गत शेखपुरा स्थित हनुमान मंदिर में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन सम्पन्न होने के बाद गुरुवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मंदिर प्रांगण “सीताराम” की गूंज से भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में महादेवा विधायक दूधराम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रसाद ग्रहण कर ग्रामीणों और भक्तों से संवाद किया तथा इस धार्मिक आयोजन की सराहना की।

मंदिर समिति की ओर से भंडारे की तैयारियां पहले से ही की गई थीं। सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिर में जुटने लगी और दोपहर होते-होते पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर यज्ञ संपन्न किया और प्रसाद ग्रहण किया और सामूहिक भक्ति का आनंद लिया।

समिति संरक्षक पंडित आशाराम पाण्डेय ने कहा, “यह आयोजन हमारे गांव की आस्था और एकजुटता का प्रतीक है। जब पूरा गांव तन-मन-धन से सहयोग करता है तो भगवान का आशीर्वाद और भी प्रखर हो जाता है।”

अध्यक्ष अमरनाथ चौधरी ने कहा, “ग्रामीणों और भक्तों के सहयोग से यह आयोजन संभव हुआ है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि सामाजिक मेलजोल और आपसी भाईचारे की मिसाल है।”

युवा अध्यक्ष राम कुमार अग्रहरि ने बताया कि “गांव के युवाओं ने पूरी निष्ठा से व्यवस्था संभाली और हर स्तर पर सहयोग किया। हमें गर्व है कि हमारी पीढ़ी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है।”

जियालाल अग्रहरि ने कहा, “गांव के हर व्यक्ति ने सहयोग दिया। धन, अन्न और श्रमदान से यह आयोजन सफल हुआ। यही सामूहिकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

समिति समन्वयक रामकृष्ण पटेल और जय प्रकाश ने आयोजन के दौरान आगंतुकों के साथ तालमेल की जिम्मेदारी निभाई। कोषाध्यक्ष बाल कृष्ण ने बताया कि “कोष में प्राप्त हर एक रुपये का सदुपयोग हुआ है।” वहीं विनोद पाण्डेय ने साउंड सिस्टम की व्यवस्था की और अभिषेक चौधरी ने लाइट की व्यवस्था में तन-मन से सहयोग देकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। 

भंडारे में आस-पास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बताया कि इस आयोजन से न केवल आस्था मजबूत हुई है बल्कि सामाजिक एकजुटता का अद्भुत उदाहरण भी प्रस्तुत हुआ है।
Previous Post Next Post