राम-जानकी मार्ग पर झाड़ियों में छिपा साइन बोर्ड, हादसों का बढ़ा खतरा — नीलगाय घायल

झाड़ियों से ढका साइन बोर्ड


बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर ऊंची झाड़ियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार गाड़ी से टकराकर एक नीलगाय गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग मौके पर दौड़ पड़े।

भोयर चकदहा निवासी सत्येंद्र कुमार ने बताया, “तेज आवाज सुनकर हम बाहर निकले तो देखा नीलगाय सड़क पर तड़प रही थी। उसके मुंह और पैरों में गहरी चोट लगी थी।” शेखपुरा निवासी अभिषेक चौधरी ने बताया कि जब वे सड़क से कुदरहा की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने नीलगाय को सड़क पर गिरे देखा जो गंभीर रूप से घायल थी।

सामाजिक कार्यकर्ता और ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के संस्थापक सदस्य राम कृष्ण पटेल ने बताया कि राम-जानकी मार्ग की दोनों पटरियों पर झाड़ियां और लताएं इतनी बढ़ चुकी हैं कि साइन बोर्ड पूरी तरह से ढक गए हैं। इससे वाहन चालकों को सड़क की दिशा और चेतावनी संकेत स्पष्ट नहीं दिखते, जिसके कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने वन अधिकारी सुनील गौड़ और क्षेत्र की पशु चिकित्सक गिरजेश वर्मा को फोन कर दुर्घटना की सूचना दी। तत्पश्चात घायल नीलगाय को प्राथमिक उपचार दिया गया।

गंभीर रूप से घायल नीलगाय सड़क किनारे से खाई में गिर गई थी। उसकी जीभ पर गहरा घाव होने से उसे सांस लेने और हिलने-डुलने में भी तकलीफ हो रही थी।

इस मामले में जिलाधिकारी बस्ती के सीयूजी नंबर पर भी सूचना दी गई, जहां से तत्काल संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किए जाने की बात कही गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि झाड़ियों की सफाई और साइन बोर्डों की स्पष्टता पर ध्यान नहीं दिया गया, तो ऐसे हादसे भविष्य में और बढ़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग की त्वरित सफाई और चेतावनी संकेतकों को दुरुस्त करने की मांग की है।
घायल नीलगाय

Previous Post Next Post