| तिराहे पर बने नाले का टूटा ढक्कन |
By दिलीप कुमार
बस्ती। कलवारी क्षेत्र के कुसौरा बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर स्थित विद्युत उपकेंद्र के सामने नाले का ढक्कन टूट जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। यह टूटा ढक्कन हाईवे की पूर्वी पटरी पर बने तिराहे के ठीक बीच में है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से नाले का ढक्कन टूटा हुआ है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। इस स्थान से रोजाना दर्जनों चारपहिया, दोपहिया वाहन और सैकड़ों पैदल राहगीर गुजरते हैं। खुले नाले के पास कोई चेतावनी बोर्ड या संकेतक भी नहीं लगाया गया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय दुकानदार प्रमोद कुमार ने बताया, “ढक्कन टूटने से गाड़ियों के टायर फंसने और लोगों के पैर जाने का खतरा है। कुछ दिन पहले एक बाइक सवार बाल-बाल बचा।” वहीं पॉवर हाउस परिसर में बने मंदिर के पुजारी गुल्लू दास ने कहा, “यह इलाका बेहद व्यस्त है। स्कूल के बच्चे और बुजुर्ग रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं। यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।”
सोनबरसा, पड़री, शेखपुरा, उमरिया, सोंधिया जैसे गांवों के ग्रामीणों का इस नाले के ऊपर से आना जाना होता है। ग्रामीणों और बाजारवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और विद्युत विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विभागों की लापरवाही किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए जल्द कार्रवाई आवश्यक है।
Tags
बस्ती