दिलीप कुमार| बस्ती | 27 अक्टूबर 2025
बस्ती। ग्राम पंचायत शेखपुरा में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ छठी मैया की पूजा संपन्न हुई। गांव के दुर्गा मंदिर के पास एक जलाशय बनाकर भक्तों ने परंपरागत विधि-विधान से छठी मैया का पूजन, अर्घ्य और भजन-कीर्तन किया। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ग्रामवासियों ने सूर्य देव और छठी मैया से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा में राघव राम पांडे, दूधनाथ सैनी, संदीप सैनी, अमित पांडे, अशोक पांडे और रामलोट पांडे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवारों सहित शामिल हुए। सभी ने स्थल की सफाई कर दीप जलाकर अर्घ्य अर्पित किया।
हनुमान मंदिर समिति के युवा अध्यक्ष रामकुमार अग्रहरि ने सभी श्रद्धालुओं को छठी मैया की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “छठ पर्व भारतीय संस्कृति की सबसे पवित्र और अनुशासित परंपरा है। यह पर्व हमें प्रकृति, आस्था और आत्मसंयम का संदेश देता है।” उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में छठ मैया की कृपा बनी रहे और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि आए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने लोकगीत गाकर माहौल को और भी भक्ति से भर दिया। बच्चों ने दीप सजाकर घाट को रौशन किया और सभी ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
गांव के लोगों ने कहा कि छठ पूजा सिर्फ आस्था नहीं बल्कि सामूहिक एकता और स्वच्छता का प्रतीक भी है। छठ घाटों पर लोगों ने आपसी सहयोग से व्यवस्था बनाई और पूरे आयोजन को सफल बनाया।
पूरे क्षेत्र में छठ पूजा को लेकर उल्लास का वातावरण बना हुआ है, वहीं शेखपुरा पंचायत में यह आयोजन आपसी एकजुटता और भक्ति का प्रतीक बन गया।
Tags
बस्ती