बहादुरपुर ब्लॉक में पंडित दीनदयाल पशु आरोग्य मेला सम्पन्न, 425 पशुओं का हुआ पंजीकरण



दिलीप कुमार | बस्ती | 27 अक्टूबर 2025

बस्ती। विकास खंड बहादुरपुर के अंतर्गत न्याय पंचायत पिपरा ग्राम पंचायत भेलवल में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकदिवसीय विकास खंड स्तरीय पशु आरोग्य मेला का सफल आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग, बस्ती द्वारा आयोजित इस मेले में पशुपालकों की भारी भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने अपने पशुओं की जांच, टीकाकरण और उपचार कराते हुए नि:शुल्क सेवाओं का लाभ लिया।

पशु चिकित्साधिकारी बहादुरपुर डॉ. राजेश वर्मा के अनुसार मेले में कुल 425 पशुओं का पंजीकरण हुआ, जिनमें 150 बड़े पशु (गाय, भैंस, बैल) और 275 छोटे पशु (बकरी, भेड़ आदि) शामिल रहे। इन सभी पशुओं को सामान्य चिकित्सा, कृमिनाशक दवाएं, गर्भ परीक्षण, शल्य चिकित्सा और बांझपन उपचार की सुविधाएं दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह ने कहा, “ऐसे शिविर गांव के पशुपालकों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। विभाग की यह पहल पशुधन की सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कदम है।”

विशिष्ट अतिथि मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि “पशुपालक अगर नियमित रूप से अपने पशुओं की जांच और टीकाकरण कराते रहें तो पशु रोगों की संभावना बहुत हद तक कम की जा सकती है।”

पशुचिकित्सा अधिकारी कलवारी डॉ. गिरीश वर्मा ने बताया कि “सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण पशुपालकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आज के शिविर में गर्भ परीक्षण और बांझपन उपचार से संबंधित कई विशेष मामलों का सफल समाधान किया गया।”

कार्यक्रम में पशुधन प्रसार अधिकारी विजय कुमार, पत्र वाहक अरुण कुमार सिंह, पैरावेट गिरजेश कुमार सिंह, कृष्णमणि उपाध्याय, छत्रपाल यादव और राममिलन उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।

पशुपालकों ने कहा कि ऐसे मेलों से उन्हें न केवल उपचार मिलता है बल्कि वैज्ञानिक पशुपालन के आधुनिक तरीकों की जानकारी भी मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में पशुपालन विभाग की टीम ने बताया कि आगमी 1 नवंबर को पड़री पंचायत में भी इसी प्रकार का शिविर आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पशुपालक लाभान्वित हो सकें।
Previous Post Next Post