वृद्धा आश्रम में मनाई गई दीपावली, बाला जी लीगल वेल्फेयर फाउंडेशन ने बांटी मिठाई और फल

दिलीप कुमार। 
बस्ती। दीपावली के शुभ अवसर पर बाला जी लीगल वेल्फेयर फाउंडेशन ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए बनकटा, बस्ती स्थित वृद्धा आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच मिठाई और फलों का वितरण किया। इस अवसर पर लगभग 90 असहाय वृद्धजनों को मिठाई और फल बांटे गए।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बाला जी प्रधान प्रतिनिधि दुर्गा प्रसाद और महासचिव विशाल चौधरी सहित फाउंडेशन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने वृद्धजनों से मिलकर उनके सुख-दुख को सुना और भरोसा दिलाया कि संस्था आगे भी उनकी हर संभव मदद करती रहेगी।

इस दौरान वृद्धा आश्रम में रह रहे राम फेर, जो कि टांडा के निवासी हैं, ने बताया कि “मेरी पत्नी अब नहीं रही और बेटा-बहू ने मुझे घर से निकाल दिया, तब से मैं पिछले दो साल से यहां रह रहा हूं।” यह सुनकर वहां मौजूद सभी की आंखें नम हो गईं। फाउंडेशन के सदस्यों ने उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि वे कभी खुद को अकेला महसूस न करें, संस्था हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।

वृद्धा आश्रम के संचालकों ने भी फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे मानवीय कार्य से बुजुर्गों को समाज के प्रति अपनापन महसूस होता है।

दीपावली के इस अवसर पर बाला जी लीगल वेल्फेयर फाउंडेशन का यह कदम न सिर्फ सेवा की भावना का उदाहरण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि असली रोशनी तब होती है जब हम किसी ज़रूरतमंद के जीवन में उम्मीद की लौ जला सकें।
Previous Post Next Post