बस्ती के डीएम रवीश कुमार गुप्ता का हुआ स्थानांतरण, आईएएस कृतिका ज्योत्सना बनीं नई जिलाधिकारी


दिलीप कुमार । 28 अक्टूबर 2025
उत्तर प्रदेश शासन ने बस्ती जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बस्ती के जिलाधिकारी रहे आईएएस रवीश कुमार गुप्ता का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें मेरठ में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) का नया प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। रवीश कुमार गुप्ता के कार्यकाल में बस्ती जिले में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए, जिनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था में सुधार प्रमुख रहे। उनकी कार्यशैली को जनता और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी सराहा।

वहीं, शासन ने आईएएस कृतिका ज्योत्सना को बस्ती का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। कृतिका ज्योत्सना अब तक राज्य कर विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। वह एक सक्षम और अनुभवी अधिकारी मानी जाती हैं, जिन्होंने इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दी हैं।

कृतिका ज्योत्सना के आने से जिले में विकास कार्यों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासनिक हलकों में उनके नियुक्ति को लेकर सकारात्मक माहौल है। जनता भी नए जिलाधिकारी से विकास और पारदर्शिता की नई उम्मीदें लगाए बैठी है। बस्ती के अधिकारी वर्ग ने भी उनका स्वागत करने की तैयारी शुरू कर दी है।

यह परिवर्तन प्रदेश सरकार के व्यापक प्रशासनिक पुनर्संरचना के तहत किया गया है, जिसमें कई जिलों के अधिकारियों का स्थानांतरण हुआ है।
Previous Post Next Post