दिलीप कुमार | अगोना, बस्ती | 28 अक्टूबर, 2025
अगोना, बस्ती। बस्ती जिले में स्थित राम जानकी मार्ग पर अगोना के समीप एक नीलगाय सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी मिली। राहगीरों ने इसकी सूचना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम त्रिपाठी को दी। उन्होंने तत्काल पहल करते हुए नीलगाय का रेस्क्यू कराया और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
रेस्क्यू अभियान में पशु चिकित्सा अधिकारी गौसपुर डॉ. विजय वर्मा, डॉ. राम मिलन, अनिल यादव, राम करन शर्मा, संतराम, विनीत कुमार और कन्हैयालाल समेत कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी बहादुरपुर डॉ. राजेश वर्मा को भी सूचना दी, जिसके बाद मोबाइल वेटरनरी यूनिट मौके पर पहुंची और घायल नीलगाय का उपचार किया गया। वर्तमान में उसकी स्थिति में सुधार देखा जा रहा है।
स्थानीय निवासी बबलू ने बताया कि यदि समय पर इलाज न मिला होता तो नीलगाय की जान को खतरा हो सकता था। वहीं क्षेत्रीय गन्ना किसान प्रतिनिधि राम कृष्ण ने कहा कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है।
उन्होंने कहा — “हमने पूर्व में ही प्रशासन को चेताया था कि राम जानकी मार्ग पर सड़क किनारे उग आई झाड़ियों को नहीं काटने से दृश्यता बाधित होती है। परिणामस्वरूप जंगली जानवर अक्सर वाहनों से टकरा जाते हैं और यात्रियों को भी खतरा रहता है।”
स्थानीय लोगों ने घायल नीलगाय के रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाली टीम की मानवीय पहल की प्रशंसा की और प्रशासन से सड़क किनारे की झाड़ियों की तत्काल सफाई की मांग की।
Tags
बस्ती