कलवारी क्षेत्र के कालेश्वर नाथ मंदिर का महिला शौचालय बंद, श्रद्धालुओं में आक्रोश


दिलीप कुमार । बहादुरपुर बस्ती । 3 नवंबर 2025

बस्ती जनपद के बहादुरपुर ब्लॉक के अंतर्गत प्रसिद्ध कालेश्वर नाथ मंदिर, कलवारी क्षेत्र में बना महिला कॉम्प्लेक्स एवं शौचालय आज भी बंद पड़ा हुआ है। यह मंदिर धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा, दर्शन, सगाई और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के लिए आते हैं। परंतु आज तक इस शौचालय को न खोले जाने से श्रद्धालुओं, विशेष रूप से महिलाओं को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।


मंदिर परिसर और आसपास कोई अन्य सामुदायिक शौचालय न होने से यह समस्या और भी गंभीर बन गई है। महिला श्रद्धालुओं को मजबूरी में खुले में जाने या असुविधाजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत योजनाओं के बावजूद यह स्थिति विकास की सच्चाई बयां कर रही है।

स्थानीय निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि, “यह कॉम्प्लेक्स कई साल पहले बना था, लेकिन आज तक इसका ताला नहीं खुला। हमने कई बार ग्राम प्रधान को इस बारे में अवगत कराया, पर हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।”

वहीं अमन , ने कहा कि, “कालेश्वर नाथ मंदिर के नाम से प्रसिद्ध कलवारी क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। पोखरे में फैली गंदगी, टूटे स्नानघर और खराब चेंजिंग रूम यह दर्शाते हैं कि सफाई व्यवस्था केवल नाम की रह गई है।”

मंदिर के पुजारी आचार्य संस्कार शास्त्री ने बताया कि, “शौचालय बंद होने से श्रद्धालुओं को भारी असुविधा होती है। यहां रोज़ महिलाएं और बच्चे दूर-दूर से आते हैं, लेकिन सुविधा न होने के कारण उन्हें कठिनाई झेलनी पड़ती है। प्रशासन को इसे तुरंत चालू कराना चाहिए।”

वहीं ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने सफाई देते हुए कहा कि, “महिला कॉम्प्लेक्स एवं शौचालय हमेशा नहीं खोला जाता ज्यादा लोगों के उपयोग करने से जल्दी भर जाएगा 

स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द महिला कॉम्प्लेक्स एवं शौचालय को चालू कराए और मंदिर परिसर की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
Previous Post Next Post