दिलीप कुमार । बस्ती । 2 नवंबर 2025
बस्ती जनपद के बहादुरपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम बेलवाडाड में अंबेडकर पार्क की टूटी प्रतिमा आज भी नहीं लगाई गई है। जून माह में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित हो गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने ग्रामीणों से एक महीने में नई प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया था। लेकिन सात महीने बीत जाने के बाद भी प्रतिमा नहीं लगाई गई, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है।
ग्रामवासी अभिषेक कुमार ने कहा कि “हम लोगों ने अपनी मेहनत और पैसे से पार्क को सजाया था, लेकिन जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण आज पार्क वीरान हो गया है।” वहीं शंकर कुमार ने बताया कि “प्रधान ने बैठक में बाउंड्रीवाल और प्रतिमा लगाने का लिखित वादा किया था, पर आज तक कुछ नहीं किया गया। अब अंबेडकर पार्क खेत जैसा नजर आता है।”
गांव के लोगों का कहना है कि जब से प्रतिमा टूटी है, तब से पूजा-अर्चना और सफाई का कार्य पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, हाल ही में आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की गई, जिसकी जांच ग्राम पंचायत सचिव ने की और फिर से सिर्फ आश्वासन दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि दलित समाज की भावनाओं की लगातार अनदेखी हो रही है। उनका कहना है कि अगर शीघ्र प्रतिमा नहीं लगाई गई तो वे प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
गौरतलब है कि बीते अगस्त माह के एक आईजीआरएस रिपोर्ट में कहा गया कि प्रतिमा लगाने का कार्य उपजिलाधिकारी के आदेशानुसार ही संभव है, जबकि बाउंड्रीवाल का निर्माण क्षेत्र पंचायत स्तर से होना है। लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
Tags
बस्ती