दुबौली दूबे गांव के सीवान में घायल गौवंश का उपचार — पशु चिकित्सक डॉ. विजय वर्मा का सराहनीय योगदान

दिलीप कुमार। बस्ती। 5 दिसम्बर 2025 

दुबौली दूबे गांव के सीवान में आज सुबह एक घायल गौवंश मरणासन्न अवस्था में पाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण ग्राम निवासी विनीत कुमार ने तुरंत ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. त्रिपाठी बिना देर किए मौके पर पहुंचे और तत्काल पशु चिकित्सक डॉ. विजय वर्मा को बुलवाकर उपचार की व्यवस्था की।

घायल गौवंश की हालत नाजुक थी, लेकिन डॉ. विजय वर्मा ने अत्यंत तत्परता, अनुभव और सेवा-भाव से प्राथमिक उपचार शुरू किया। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए फौरन आवश्यक इंजेक्शन और दवाइयां देकर गौवंश की जान बचाने का सराहनीय प्रयास किया। उनकी इस संवेदनशील सेवा भावना को देखकर ग्रामीणों ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया और उनकी भूमिका की प्रशंसा की।

इस मानवीय कार्य में गांव के युवा विनय कुमार, विनीत, विवेक और सुजीत ने भी अहम भूमिका निभाई। इन युवाओं ने समय रहते सूचना दी, घायल गौवंश को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और पूरी प्रक्रिया में सहयोग करते हुए इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।

उपचार के बाद गौवंश को ग्रामीणों की देखरेख में सौंप दिया गया है ताकि आगे भी उसकी उचित देखभाल की जा सके।

डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने बताया कि समय पर सूचना और सामूहिक प्रयास के कारण आज एक निरीह जीव की जान बच सकी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य मानवता की सर्वोत्तम मिसाल हैं और समाज को प्रेरित करते हैं कि जरूरत के समय हर जीव-जंतु की सहायता की जाए।

Previous Post Next Post