दिलीप कुमार | बहादुरपुर, बस्ती | 06 दिसम्बर, 2025
बस्ती। रूधौली चीनी मिल के अंतर्गत कुसौरा गन्ना क्रय केंद्र को लेकर गन्ना किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र पर तैनात कांटा बाबू द्वारा हर ट्रॉली से 50 किलोग्राम गन्ना काट लिया जाता है और इसके साथ ही 100 रुपये लेबर चार्ज के नाम पर किसानों से जबरन वसूली की जाती है। किसानों का कहना है कि यदि वे रुपये देने से इंकार करते हैं तो तौल में कमी कर दी जाती है या ट्रॉली खड़ी कर दी जाती है, जिससे उन्हें मजबूरी में यह राशि देनी पड़ती है।
किसानों ने कहा कि कुसौरा क्रय केंद्र लंबे समय से भ्रष्टाचार का अड्डा बनता जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे किसानों में निराशा बढ़ रही है। एक स्थानीय किसान ने नाम न छापे जाने की शर्त पर बताया कि तौल में कथित गड़बड़ी और अवैध वसूली के अलावा सबसे बड़ी समस्या गन्ना भुगतान की है। वहीं शिवदास चौधरी का कहना है कि रूधौली चीनी मिल समय पर भुगतान नहीं करती, जिससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं किसान अब्दुर रहीम ने कहा कि वह क्रय केंद्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से जानते हैं। उनके अनुसार केवल कुसौरा ही नहीं, बल्कि कई क्रय केंद्रों पर किसानों का शोषण हो रहा है और मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है।
स्थानीय निवासी राम कुमार ने बताया कि योगी सरकार ने किसानों से हो रही अवैध वसूली के खिलाफ अभियान शुरू किया लेकिन प्रशासन की टीम औचक निरीक्षण के लिए नहीं पहुंची।
दूसरी ओर, कुसौरा क्रय केंद्र के कांटा बाबू सदाशिव उपाध्याय ने किसानों के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने 50 किलोग्राम गन्ना काटने के आरोप को गलत बताया, हालांकि 100 रुपये लेबर चार्ज लेने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह राशि किसान अपनी इच्छा से देते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के कई हिस्सों में गन्ना पेराई सत्र 2025-26 की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान चीनी मिल गेट और गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों से लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क वसूले जाने की लगातार शिकायतें शासन तक पहुंची थीं। किसानों के हित को देखते हुए गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस. ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी हाल में किसानों से कोई शुल्क न लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी शुल्क वसूलते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसानों ने मांग की है कि कुसौरा गन्ना क्रय केंद्र की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि पेराई सत्र में उन्हें शोषण से राहत मिल सके।
Tags
बहादुरपुर