बहादुरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अगई भगाड़ में किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बी0टी0एम0 बहादुरपुर सुमित श्रीवास्वतव द्वारा किया गया, इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्री अरविंद सिंह ने की। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और अधिकारियों की उपस्थिति ने किसानों में उत्साह और जागरूकता का माहौल बनाया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र से पधारे वैज्ञानिक श्री राघवेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए उन्नत खेती, बीज चयन, मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं और खेती को लाभकारी व्यवसाय बना सकते हैं।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) श्री दीना नाथ मिश्र ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रीकरण से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया और अधिक से अधिक किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
ग्राम प्रधान श्री अरविंद सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि किसान पाठशाला जैसे कार्यक्रम किसानों के ज्ञानवर्धन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर इस प्रकार के आयोजनों से किसानों को सीधे विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।
किसान पाठशाला में ग्राम के अनेक किसान उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राजेश सिंह, टिंकू सिंह, सविता, सोशिला, हरिनाथ सहित अन्य किसान शामिल थे। किसानों ने वैज्ञानिकों और अधिकारियों से खेती से जुड़ी अपनी समस्याओं पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल और व्यावहारिक समाधान बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से अपील की गई कि वे परंपरागत खेती के साथ-साथ नई तकनीकों को अपनाएं, जिससे उत्पादन बढ़े और आर्थिक स्थिति मजबूत हो। किसान पाठशाला का समापन सकारात्मक संदेश और किसानों के उत्साह के साथ किया गया।
Tags
बस्ती