दिलीप कुमार | कलवारी, बस्ती | 22 दिसंबर 2025
बस्ती। बस्ती–कलवारी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के बेलवाडाड़ गांव के पास सोमवार को आवारा सांडों की लड़ाई एक गंभीर सड़क हादसे का कारण बन गई। इस दुर्घटना में पिकअप और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे में एक सांड की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी नरसिंह चौधरी के अनुसार, सड़क किनारे दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। लड़ते-लड़ते दोनों सांड अचानक सड़क पर आ गए, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को संभलने का मौका नहीं मिल सका। कलवारी की ओर से आ रही पिकअप वाहन संख्या UP 51 BT 0337 सांड से टकरा गई, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क पर घूम गया।
इसी दौरान बस्ती की ओर से आ रही अर्टिगा कार संख्या DL 1 CAJ 7079 भी कुसौरा बाजार के पास सांड से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक सांड की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में कार में सवार विजय नाथ चौधरी पुत्र राजेन्द्र, विरेन्द्र कुमार पुत्र हरी राम एवं दुर्गेश कुमार पुत्र राम राज, सभी निवासी ग्राम परेवा, लालगंज, गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
देव दूत प्रेम त्रिपाठी ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती–कलवारी मार्ग पर आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क पर घूमते आवारा पशु आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
Tags
बस्ती