दिलीप कुमार | बहादुरपुर, बस्ती | 20 दिसंबर 2025
बहादुरपुर, बस्ती। ठंड के मौसम में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ रखने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। विकास क्षेत्र बहादुरपुर स्थित परिषदीय विद्यालय अगई भगाड़ में शनिवार को निःशुल्क ऊनी टोपी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव उपाध्याय द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत 152 छात्र-छात्राओं को ठंड से बचाव के लिए ऊनी टोपियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहित सिंह की उपस्थिति में किया गया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मंडलीय डीसी मध्याह्न भोजन योजना मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बहादुरपुर प्रभात श्रीवास्तव मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों को अपने हाथों से टोपी पहनाकर न केवल उनका उत्साहवर्धन किया, बल्कि नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए भी प्रेरित किया। कड़ाके की ठंड के बीच टोपी पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रभात श्रीवास्तव ने कहा कि ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। परिषदीय विद्यालयों में इस तरह के प्रयास बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ-साथ उनके मनोबल को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक समाज के सहयोग से इस प्रकार की पहल करते हैं तो विद्यालय का शैक्षिक वातावरण और शिक्षा की गुणवत्ता दोनों में सकारात्मक सुधार होता है।
मुख्य अतिथि मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मन में विद्यालय के प्रति अपनापन और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव होता है।
प्रधानाध्यापक राजीव उपाध्याय ने कहा कि विद्यालय परिवार का निरंतर प्रयास रहता है कि ठंड, गर्मी या किसी अन्य कारण से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क टोपी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि सभी बच्चे सुरक्षित माहौल में नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण कर सकें।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. प्रमोद सिंह, अटल बिहारी उपाध्याय, एआरपी अमित कुमार मिश्र, बिंदेश्वरी प्रसाद मिश्र, मनोज उपाध्याय, सूर्य प्रकाश शुक्ला, आशुतोष पाण्डेय, राजकुमार यादव, कुसुम देवी, उषा सिंह, सुभद्रा शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Tags
बस्ती