दिलीप कुमार | बस्ती दुबौलिया | 27 दिसंबर 2025
बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बेमहरी टोला खूनीपुरवा में शुक्रवार देर रात तांत्रिक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
मृतक की बहू ममता देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:47 बजे वह अपने ससुर को खाना देने गई थीं। उस समय ससुर ने खाना खाने से मना कर दिया। इसके बाद जब वह खाना वापस रखने के लिए कमरे की ओर जा रही थीं, तभी घर के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग आकर रुके। ममता देवी के अनुसार, जैसे ही वह खाना रख रही थीं, अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
गोली की आवाज सुनकर वह घबराकर बाहर की ओर भागीं। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि तीनों युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर तेजी से फरार हो रहे हैं। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद किसी ने पटाखा फोड़ा है, लेकिन जब उन्होंने मोबाइल की रोशनी से देखा तो उनके ससुर बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े थे। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
मृतक के पोते अमित गौतम ने भी पुलिस को अहम जानकारी दी है। अमित ने बताया कि गोली लगने से कुछ समय पहले तीन लोग बाबा के पास आए थे। उस वक्त अमित लकड़ी काट रहा था। उन लोगों ने अमित से कहा कि ठंड लग रही है, लकड़ी लेकर जाओ। अमित को लगा कि वे बाबा के जान-पहचान वाले या किसी काम से आए होंगे। इसके बाद उन लोगों ने बाबा की झोपड़ी में आग सेंकी और कुछ देर बाद वहां से चले गए। बाद में रात में बाबा को गोली मार दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों—गंगाराम निवासी मटेरा थाना नगर और रामसंवारे निवासी खलवा थाना दुबौलिया—के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।
Tags
बस्ती