बस्ती पुलिस ने शुक्रवार को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। थाना कलवारी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
यह कार्रवाई थाना कलवारी में दर्ज मु0अ0सं0 240/2025 के तहत चोरी हुई बाइक की बरामदगी के दौरान की गई। 26 दिसंबर 2025 की रात पुलिस टीम क्षेत्र में रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर दुबौली–रामजानकी मार्ग के मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया गया
चेकिंग के दौरान दुबौली मार्ग की ओर से आ रही एक संदिग्ध अपाचे मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दोनों युवक घबरा गए और भागने लगे। इसी दौरान उनका वाहन फिसल गया, जिससे दोनों गिर पड़े। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की है। उन्होंने बताया कि यह बाइक 25/26 दिसंबर 2025 की रात ग्राम कुसौरी, थाना कलवारी क्षेत्र से चोरी की गई थी और वे इसे बेचने के लिए ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निगम पुत्र सूबेदार निगम, निवासी ग्राम तिसाह, थाना कलवारी, जनपद बस्ती तथा रियाज चुड़िहार पुत्र बुनियाद अली चुड़िहार, निवासी ग्राम मदनपुरा, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभिषेक निगम के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 23 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रियाज चुड़िहार के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में 07 आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
बस्ती