सादगी और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाया गया पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का 70वां जन्मदिवस


दिलीप कुमार । बस्ती । 15 जनवरी 2026
बस्ती। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती का 70वां जन्मदिवस गुरुवार को बस्ती क्लब प्रेक्षागृह परिसर में सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया। यह कार्यक्रम बसपा जिलाध्यक्ष जयहिंद गौतम के संयोजन में “जन कल्याणकारी दिवस” के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें मिष्ठान वितरण कर आमजन के साथ खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य मंडल प्रभारी एवं पूर्व मंत्री डॉ. बलिराम रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सुश्री मायावती ने दलित, वंचित और शोषित समाज को अधिकारों की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बसपा शासनकाल में कानून व्यवस्था, सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय की अवधारणा को मजबूती मिली। आने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य मंडल प्रभारी कल्पनाथ बाबू ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन के लिए अभी से एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है और इसके लिए हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी निभानी होगी।

इस अवसर पर संजय धूसिया, धर्मदेव प्रियदर्शी, सीताराम शास्त्री, लवकुश पटेल, के.के. गौतम, राजेंद्र गौतम, सुरेश चौहान, राम सूरत चौधरी, सैय्यद दानिश सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सुश्री मायावती का जन्मदिवस गरीबों, मजलूमों और सताए गए वर्गों के लिए नए संकल्प का दिन है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सचिन श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार पांडेय, अजय कुमार राजभर, सोनू निषाद, अभय प्रताप सिंह समेत कई लोगों ने अपने समर्थकों के साथ बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष जयहिंद गौतम ने कहा कि बसपा सर्व समाज के सहयोग से आगामी चुनावों में विजय हासिल करेगी और बहुजन हिताय-बहुजन सुखाय के लक्ष्य को साकार करेगी।
कार्यक्रम में ओम प्रकाश गौतम, प्रेमसागर, अतर सिंह गौतम, राम सागर, जय प्रकाश गौतम, महेंद्र गौतम, आशुतोष सिंह, प्रमोद कुमार गौतम, राना अंबेडकर, युगुल किशोर चौधरी, आर.डी. प्रेमी, दीपक कुमार, रामकरन गौतम, अलीम अहमद, डॉ. निसार अहमद, दिलीप कुमार एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाया।
Previous Post Next Post