बस्ती में पुलिस मुठभेड़ के बाद सोखा हत्या कांड का खुलासा, दो वांछित आरोपी गिरफ्तार


बस्ती, 11 जनवरी 2026
जनपद बस्ती में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दुबौलिया क्षेत्र में हुए चर्चित सोखा (रामजीत उर्फ घरभरन) हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना दुबौलिया, थाना कलवारी और स्वाट टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान लवकुश उर्फ लालचन्द और सजरे आलम के रूप में हुई है। दोनों आरोपी थाना दुबौलिया में दर्ज मु0अ0सं0 233/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत वांछित चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी की मौजूदगी में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को थाना दुबौलिया क्षेत्र के ग्राम बेमहरी टोला खून्नीपुरवा में 58 वर्षीय रामजीत उर्फ घरभरन की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

जांच में सामने आया कि अभियुक्त लवकुश उर्फ लालचन्द की बड़ी बहन का झाड़-फूंक मृतक रामजीत से कराया जाता था। इसी दौरान मृतक द्वारा उसके प्रति गलत नीयत और अश्लील हरकत किए जाने का आरोप सामने आया। इस घटना के बाद लवकुश ने पहले अपनी बहन की शादी कर दी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी छोटी बहन के साथ भी मृतक द्वारा इसी तरह की हरकतें किए जाने लगीं।

इससे आक्रोशित होकर लवकुश ने विवेक चौधरी, सजरे आलम और अरुण कुमार से संपर्क किया और एक लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची। तय योजना के तहत 26 दिसंबर 2025 की शाम सभी आरोपी मृतक के घर पहुंचे, पहले रेकी की और फिर देर रात इलाके के सुनसान होने पर दोबारा मौके पर पहुंचे। लवकुश ने मृतक की पहचान कर इशारा किया, जिसके बाद सजरे आलम ने तमंचे से मृतक के चेहरे पर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और 2280 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद मुठभेड़ के दौरान यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। इस सफल कार्रवाई में दुबौलिया थाना, कलवारी थाना और स्वाट टीम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
Previous Post Next Post