बहादुरपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई सावित्रीबाई फुले जयंती, शिक्षा व नारी सशक्तिकरण पर हुआ मंथन


दिलीप कुमार । बहादुरपुर, बस्ती । 3 जनवरी 2026
बहादुरपुर विकास क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में दलित उत्थान समिति बहादुरपुर के तत्वावधान में भारत की प्रथम महिला शिक्षिका और समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक चेतना के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शिक्षा, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयद कासिम साहब रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सावित्रीबाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने उस दौर में बालिकाओं और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा का द्वार खोला, जब समाज में इसके लिए कड़ा विरोध था। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले न केवल एक महान शिक्षिका थीं, बल्कि सामाजिक क्रांति की अग्रदूत भी थीं। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में शिक्षा और समानता को और मजबूत किया जाए।

दलित उत्थान समिति के पदाधिकारी ने मुख्य अतिथि को माला पहनकर स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह वेट किया।

कार्यक्रम का संचालन बुद्ध विक्रम सेन ने प्रभावशाली ढंग से किया। उन्होंने अपने संचालन के दौरान सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष, उनके द्वारा खोले गए बालिका विद्यालयों और सामाजिक सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं को शिक्षित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया, जो आज भी प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेंद्र प्रताप ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा ही समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है। उपाध्यक्ष दिलीप ने समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दलित उत्थान समिति समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा और जागरूकता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

दलित उत्थान समिति बहादुरपुर के कार्यकारी सदस्यों रवि गौतम, घनश्याम, राजेंद्र, सुरेंद्र कुमार और आजाद ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन की व्यवस्थाओं को संभाला।
Previous Post Next Post