दिलीप कुमार | बहादुरपुर | 2 जनवरी 2026
भीषण ठंड के बीच गरीब और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से महादेवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दूधराम द्वारा चलाया जा रहा कंबल वितरण अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इस क्रम में बहादुरपुर विकास क्षेत्र के आदर्श माध्यमिक विद्यालय खलीलपट्टी परिसर में एक विशेष वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जहां करीब 200 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।
इस वितरण शिविर में पठानपुर, खलीलपट्टी, डारीडीहा, गौरिया, खखौड़ा, करमी, बबुरहिया और सिघौंरिया समेत आसपास के कई गांवों से आए बुजुर्गों, महिलाओं और गरीब परिवारों को कंबल दिए गए। ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों को जब कंबल मिला तो उनके चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई। कई बुजुर्गों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे ठंड के मौसम में बड़ी मदद बताया।
इस अवसर पर विधायक दूधराम ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करना उनका सामाजिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। विधायक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक-दो दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जब तक जरूरत रहेगी, तब तक कंबल वितरण का कार्य जारी रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि ठंड के कारण सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को होती है, ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आकर मदद करनी चाहिए। विधायक दूधराम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें सहायता उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। लोगों ने विधायक के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जरूरतमंदों को समय पर राहत मिलती है। कंबल वितरण अभियान से क्षेत्र के गरीब और असहाय लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
Tags
बस्ती