बस्ती में देशी शराब की दुकान पर सशस्त्र लूट, नकदी व सीसीटीवी डीवीआर लेकर फरार हुए बदमाश


दिलीप कुमार 
। जनपद बस्ती में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। लालगंज थाना क्षेत्र के कडसरी मिश्र गांव में शुक्रवार देर शाम देशी शराब की दुकान पर असलहे के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते हुए दुकान से नकदी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारपहिया वाहन से आए तीनों बदमाश पहले ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने सेल्समैन से एक पेटी देशी शराब की मांग की। जैसे ही सेल्समैन ने गेट खोलकर शराब देने का प्रयास किया, तभी तीनों बदमाश जबरन दुकान के अंदर घुस गए। दुकान में घुसते ही उन्होंने असलहा निकालकर सेल्समैन पर तान दिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे।

डर और दहशत के माहौल में बदमाशों ने काउंटर में रखी पूरी नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश चारपहिया वाहन से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रुधौली और लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही बदमाशों की तलाश में तत्काल नाकाबंदी कर संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया।

हालांकि बदमाशों द्वारा सीसीटीवी डीवीआर ले जाने के कारण पुलिस को प्रत्यक्ष तकनीकी साक्ष्य जुटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में लालगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास की दुकानों, चौराहों और मार्गों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूट की घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Previous Post Next Post