गिरे पाकड़ वृक्ष की नीलामी 19 जनवरी को, पशु सेवा केंद्र गौसपुर में होगी प्रक्रिया


दिलीप कुमार बहादुरपुर बस्ती 9 जनवरी 2026
बस्ती। जनपद बस्ती के विकास खंड बहादुरपुर अंतर्गत पशु सेवा केंद्र गौसपुर परिसर में गिरे हुए एक पाकड़ वृक्ष की नीलामी की प्रक्रिया 19 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बस्ती के कार्यालय से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार निर्धारित तिथि को प्रातः 10 बजे से तय स्थान पर संपन्न होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीलामी में शामिल होने के इच्छुक व्यक्ति नियत तिथि व समय पर निर्धारित जमानत धनराशि जमा कर बोली में भाग ले सकते हैं। वृक्ष की नीलामी से पूर्व उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1976 के प्रावधानों के अंतर्गत वृक्ष काटने की अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रति वृक्ष ₹100 की दर से राष्ट्रीय बचत के माध्यम से अनुमति शुल्क जमा करना होगा।

इसके अतिरिक्त, अभिवहन नियमावली 1978 के अंतर्गत लकड़ी के परिवहन के लिए पास प्राप्त करना भी आवश्यक होगा। अभिवहन शुल्क के रूप में ₹38 प्रति टन की दर से शुल्क जमा करना होगा। इन सभी औपचारिकताओं का पालन करना नीलामी में सफल बोलीदाता के लिए अनिवार्य रहेगा।

नीलामी किए जाने वाले वृक्ष का विवरण इस प्रकार है—पाकड़ प्रजाति का एक गिरे हुए वृक्ष, जिसका न्यूनतम मूल्य ₹5,615 (पांच हजार छह सौ पंद्रह रुपये मात्र) निर्धारित किया गया है। नीलामी प्रक्रिया सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति में कराई जाएगी, जिनमें डॉ. सीमा भारती (उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सालय सदर बस्ती), डॉ. राजेश वर्मा (पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सालय बहादुरपुर) तथा डॉ. गिरीश कुमार वर्मा (पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सालय कलवारी) शामिल रहेंगे।

नीलामी में उच्चतम बोली लगाने वाले व्यक्ति को सक्षम अधिकारी की स्वीकृति की प्रत्याशा में संपूर्ण धनराशि तत्काल जमा करनी होगी। नीलामी से संबंधित नियम व शर्तों की विस्तृत जानकारी कार्यालय मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, बस्ती से प्राप्त की जा सकती है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता द्वारा जारी पत्रांक 128, दिनांक 08 जनवरी 2026 के माध्यम से इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रतिलिपि प्रेषित की गई है, जिसमें सहायक जिला सूचना अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिलाधिकारी महोदय तथा अपर निदेशक ग्रेड-2, पशुपालन विभाग बस्ती मंडल शामिल हैं।

प्रशासन द्वारा पारदर्शी तरीके से नीलामी संपन्न कराने की बात कही गई है, ताकि राजस्व की क्षति न हो और सभी कानूनी प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
Previous Post Next Post