बस्ती।
जनपद बस्ती में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर पुल से दो किशोरियों ने कुआनो नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सूझबूझ, साहस और तत्परता से दोनों किशोरियों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही किशोरियों को नदी में कूदते देखा गया, आसपास मौजूद लोग तत्काल हरकत में आ गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए पुलिस को सूचना दी और आपसी सहयोग से नदी में उतरकर दोनों किशोरियों को बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई।
पुलिस द्वारा दोनों किशोरियों को एम्बुलेंस 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरियों द्वारा नदी में छलांग लगाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों की सजगता और त्वरित कार्रवाई से समय रहते दो अनमोल जिंदगियों को बचा लिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है तथा ग्रामीणों की तत्परता की सराहना की जा रही है।
Tags
बस्ती