कलवारी (बस्ती)।
कलवारी थाना क्षेत्र के चकदहा–सुभावपुर मार्ग पर बुधवार को हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम बालक अभय कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अभय कुमार, चकदहा गांव निवासी अजय का पुत्र था। अजय होमगार्ड विभाग में कार्यरत हैं, जबकि अभय की माता सुमन पंचायत सहायक के पद पर तैनात हैं। अजय के दो बच्चे थे—अभय इकलौता बेटा था और एक बेटी पलक है। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि सुमन अपने बेटे अभय को लिटिल फ्लावर स्कूल, चकदहा से स्कूटी पर बैठाकर घर वापस लौट रही थीं। घर से कुछ ही दूरी पर चकदहा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अभय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मां बाल-बाल बच गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल अभय को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गजेन्द्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
जब पोस्टमार्टम के बाद अभय का शव गांव पहुंचा तो घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं। मासूम अभय की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में गम और आक्रोश का माहौल है।
Tags
बस्ती