बस्ती–अयोध्या में हड़कंप, दरोगा अजय गौड़ की सरयू में मिली लाश


बस्ती जनपद के परशुरामपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक (SSI) अजय गौड़ की अयोध्या में सरयू नदी से लाश मिलने की खबर ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। 5 फरवरी को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए दरोगा अजय गौड़ की तलाश बीते कई दिनों से जारी थी, लेकिन तीसरे दिन उनका शव मिलने से सभी उम्मीदें टूट गईं।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय परशुरामपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (SO) विश्व मोहन राय अवकाश पर थे। उनकी अनुपस्थिति में थाने की जिम्मेदारी SSI अजय गौड़ के पास थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गए। जैसे ही उनके लापता होने की सूचना उच्च अधिकारियों को मिली, SO विश्व मोहन राय ने तत्काल अपनी छुट्टी रद्द की और भागकर थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस महकमे ने बड़े पैमाने पर खोज अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज में अजय गौड़ को बस्ती मुख्यालय तक जाते हुए देखा गया, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। खोजबीन आगे बढ़ी तो कुवानों नदी के किनारे उनकी सरकारी गाड़ी लावारिस हालत में मिली, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और भी गहरी हो गई। पुलिस, गोताखोरों और अन्य विभागों की टीमें दिन-रात खोज में जुटी रहीं, लेकिन सफलता नहीं मिली।

तीसरे दिन अयोध्या में सरयू नदी से एक शव मिलने की सूचना आई, जिसकी पहचान SSI अजय गौड़ के रूप में हुई। इस खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। परशुरामपुर थाना मातम में डूब गया और सहकर्मी स्तब्ध रह गए।

फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ नहीं है। क्या यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी साजिश का परिणाम—इन सभी सवालों के जवाब अभी जांच के घेरे में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी। अजय गौड़ की रहस्यमय आख़िरी यात्रा अब भी एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है।

Previous Post Next Post