मैत्री केंद्र की पहल: सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी अब एक ही छत के नीचे


बस्ती, उत्तर प्रदेश | 09 जनवरी, 2026

आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और उनके अधिकारों की सही, सरल और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मैत्री केंद्र की शुरुआत की गई है। यह केंद्र लोगों को मार्गदर्शन, सहयोग और आवश्यक परामर्श देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बनेगा।

यह पहल ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के सहयोग से संचालित की जा रही है। मैत्री केंद्र पर नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों, डिजिटल सेवाओं और सरकारी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

संस्था के सचिव सच्चिदानंद शुक्ला ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब उनकी जानकारी सही समय पर सही व्यक्ति तक पहुंचे। मैत्री केंद्र इस दिशा में एक सेतु का काम करेगा और लोगों को भटकाव से बचाकर उचित मार्गदर्शन देगा।

संस्था के अध्यक्ष प्रभाकर ने बताया कि,
“यह केंद्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और अधिकारों की सही व सरल जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य मार्गदर्शन, सहयोग और सामूहिक प्रयास के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।”

बताया गया कि मैत्री केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को UP-कनेक्ट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जाएगा, ताकि ऑनलाइन सेवाओं तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित हो सके। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित वर्ग के लिए लाभकारी मानी जा रही है।

सोमवार को संस्था कार्यालय पर संस्थापक सदस्यों की हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 में भौतिक मैत्री केंद्रों की स्थापना की जाएगी। आगामी 10 फरवरी को आयोजित स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर के दौरान 10 मैत्री केंद्र प्रभारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाणपत्र और बैनर प्रदान किए जाएंगे।

मैत्री केंद्र को समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और नागरिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक में सच्चिदानंद शुक्ल, दीपक, राम कृष्ण पटेल, दिलीप कुमार, अब्दुर रहीम सहित कई लोग मौजूद रहे।
Previous Post Next Post