बस्ती/गौसपुर
बस्ती जनपद में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। राम जानकी मार्ग स्थित नंदनगर चौराहे के समीप गौसपुर से दुबौलिया जा रही एक पिकअप वाहन अचानक सड़क पर आए छुट्टा गोवंश को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही गोवंश अचानक वाहन के सामने आया, चालक ने उसे बचाने के लिए पिकअप को मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और पलट गया। राहत की बात यह रही कि चालक और वाहन पर बैठा एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गए। दोनों को मामूली भी चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज डेईडिहा आर.सी. पाण्डेय तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क किनारे तड़पता रहा। मामले की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सक डॉ. अजय गौड़ ने संज्ञान लेते हुए घायल गोवंश को उपचार के लिए भिजवाया।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़कों पर विशेष सतर्कता बरतें, विशेषकर ऐसे मार्गों पर जहां छुट्टा पशुओं का आवागमन अधिक रहता है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
Tags
बस्ती