बस्ती । कलवारी | 13 फरवरी 2026
बस्ती जनपद में एक बार फिर मानवता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। डॉ प्रेम त्रिपाठी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन) ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल (पुत्र रामदरश), निवासी ग्राम तिसाह, उम्र लगभग 26 वर्ष, शुक्रवार को राम जानकी मार्ग पर पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कलवारी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डॉ. प्रेम त्रिपाठी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी भिजवाया।
सीएचसी कलवारी में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने डॉ. त्रिपाठी के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अक्सर सड़क हादसों और आपात स्थितियों में सबसे पहले पहुंचकर जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।
Tags
बस्ती