बस्ती में होली व जमात-उल-विदा को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन अलर्ट


 जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश | 27 फरवरी 2026

आगामी होली तथा जमात-उल-विदा (रमज़ान का अंतिम शुक्रवार) के त्यौहारों को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने तथा एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्ण तैयारी रखने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद के संवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। त्यौहारों के दौरान निरंतर गश्त, सोशल मीडिया की निगरानी तथा अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जनपद के गणमान्य नागरिकों एवं समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे त्यौहारों को परंपरागत, उल्लासपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।

इस अवसर पर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, एसडीएम शत्रुध्न पाठक, मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र सिंह, डीपीआरओ धनश्याम सागर, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, अधिशासी अभियंता विद्युत, संबंधित क्षेत्राधिकारी पुलिस, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर, हर्रैया के सरोज मिश्र, पत्रकार जगवीर सिंह, जयन्त मिश्रा, इमरान अली, जीशान हैदर रिजवी सहित संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post