28 फरवरी 2026
बस्ती जनपद के रूधौली थाना क्षेत्र में दसिया पेट्रोल पंप के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बस्ती सदर विधायक व सपा जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव के सगे भांजे शैलेश यादव की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सिद्धार्थनगर से बस्ती की ओर आ रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई और काफी दूरी तक घिसटती चली गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक शैलेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शैलेश यादव सिद्धार्थनगर जिले के वर्डपुर में डाक विभाग में कार्यरत थे और परसा बेलहरी, गोंडा के निवासी बताए जाते हैं। उनकी माता मंजू यादव को पुलिस ने घटना की सूचना दी। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन के नंबर के आधार पर पहचान हुई, जिसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags
basti
