बोर्ड परीक्षा पर प्रशासन का शिकंजा कसा — औचक निरीक्षण से केंद्रों पर बढ़ी चौकसी


दिलीप कुमार | बस्ती | 18 फरवरी 2026
जनपद बस्ती में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बाद अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सख्ती बढ़ा दी है।

मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने उपजिलाधिकारी सदर के साथ शहर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम जैसे ही राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज और ए०पी०एन० कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर पहुंची, वहां पहले से मौजूद स्टाफ और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों में हलचल तेज हो गई।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्थाओं को गहनता से परखा गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस बल को परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखने, बाहरी तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की इस सख्ती से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि इस बार बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और पूरी तरह नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। लगातार हो रहे औचक निरीक्षणों से केंद्र व्यवस्थाओं में भी अनुशासन और सतर्कता देखने को मिल रही है।

— दिलीप कुमार
(पत्रकार, बस्ती)
Previous Post Next Post