बस्ती: पारिवारिक विवाद में बुजुर्ग की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम


दिलीप कुमार कलवारी, 18 फरवरी 2026
बस्ती। जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत टेगरिया राजा गांव में मंगलवार देर शाम पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को रात करीब 8:30 बजे पीआरबी 7836 को सूचना मिली कि गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट में लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

घटना में एक पक्ष से संगीता पत्नी मलखान और रामगोपाल पुत्र मलखान, जबकि दूसरे पक्ष से शिवपूजन पुत्र बिंदेश्वर (उम्र लगभग 60 वर्ष) शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शिवपूजन, रामगोपाल के बाबा थे। विवाद के दौरान शिवपूजन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए बनरहा अस्पताल, गायघाट ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को मौत की पुष्टि की गई।

घटना के बाद विपक्षी पक्ष के संगीता और रामगोपाल मौके पर नहीं मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और गांव में शांति बनी हुई है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।
Previous Post Next Post