बस्ती। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली 22वीं किस्त के अवसर पर बहादुरपुर विकास खंड परिसर में लाइव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसान, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे और प्रधानमंत्री के संबोधन को बड़े ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान बहादुरपुर विकास खंड कार्यालय में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा किसानों को संबोधित करते हुए योजना की 22वीं किस्त जारी किए जाने का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान मौजूद किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है और इससे खेती-किसानी में आर्थिक सहायता मिलती है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) घिशम प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें खेती से जुड़े कार्यों में मदद मिलती है।
वहीं एडीओ कृषि दीना नाथ मिश्र ने किसानों को कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार किसानों की उन्नति के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में एडीओ समाज कल्याण सुरेंद्र चौधरी, एडीओ पंचायत अवधेश प्रसाद, कृषक रमेश पांडेय सहित विकास खंड बहादुरपुर के एक दर्जन से अधिक कर्मचारी एवं किसान मौजूद रहे। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने किसानों के साथ मिलकर कार्यक्रम को देखा और योजना के लाभों के बारे में चर्चा की।
