दिलीप कुमार | बस्ती | 13 मार्च 2026
बस्ती। गौर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में मु0अ0सं0 43/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में ही छिपा हुआ है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शिवा घाट पुल के पहले स्थित एक मजार के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी अमीरुल्लाह उर्फ कुन्ना पुत्र नसीबुल्लाह निवासी ग्राम द्वारिकाचक थाना सोनहा जनपद बस्ती बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था। इस मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर गौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है।
इस कार्रवाई में थाना गौर के थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बृजलाल दत्त, हेड कांस्टेबल शिव प्रसाद गौड़ तथा महिला कांस्टेबल पूजा वर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहना मिल रही है।
Tags
basti
.jpg)