विधायक दूधराम के कार्यक्रम में पत्रकारिता में दखल का आरोप, सहयोगी ने वीडियो बनाने से रोका


बहादुरपुर 15 मार्च 2026 

बस्ती जिले के बहादुरपुर क्षेत्र अंतर्गत गौरिया पठानपुर में पिच रोड से आशाराम के मड़ई से नहर तक करीब 100 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन रविवार, 15 मार्च 2026 को महादेवा विधायक दूधराम द्वारा किया गया। इस अवसर पर गांव में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।


उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों ने विधायक दूधराम का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं खुलकर बताएं, ताकि समय रहते उनका समाधान कराया जा सके।


कार्यक्रम के दौरान कई ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की सराहना की, वहीं कुछ महिलाओं ने मौके पर ही अपनी समस्याएं भी विधायक के सामने रखीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनकी ग्राम पंचायत खलीलपट्टी में कोटेदार रामपाल द्वारा समय पर राशन नहीं दिया जाता है। उनका कहना था कि कई बार दो-दो महीने तक राशन नहीं मिलता, जिससे गरीब परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


इसी दौरान एक महिला ने विधायक से मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि उसके दो बच्चे मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उन्हें अब तक किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल सका है। महिला ने बताया कि दोनों बच्चों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच है और परिवार के पास रहने के लिए पक्का आवास भी नहीं है।


इस पर विधायक दूधराम ने कहा कि यदि यह मामला पहले उनके संज्ञान में लाया गया होता तो समाधान पहले ही कराया जा सकता था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


कार्यक्रम के दौरान पत्रकार द्वारा वीडियो बनाए जाने को लेकर कुछ देर के लिए बहस की स्थिति भी बन गई। आरोप है कि विधायक के पास बैठे माढन निवासी सुनील सिंह सहित कुछ सहयोगियों ने दबाव बनाकर पत्रकार को वीडियो बनाना बंद करने को कहा, जिससे मौके पर हल्का विवाद खड़ा हो गया। इसे लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा भी होती रही।


इस मौके पर शेर अफगन खान, प्रदीप, शिवदास, रामजनक, जयप्रकाश, प्रदीप चौधरी, पवन कन्नौजिया, प्रधान अजय चौधरी और युवा अब्दुर रहीम सहित अन्य लोगों ने भी विधायक को माला पहनाकर स्वागत किया।

Previous Post Next Post