आर.के. आरतियन को सोशल मीडिया पर जान से मा*रने की धमकी, कार्रवाई की मांग

दिलीप कुमार | बस्ती


बस्ती। भारत मुक्ति मोर्चा संगठन के पूर्वांचल जोन प्रभारी आर.के. आरतियन को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में आर.के. आरतियन ने कप्तानगंज थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

थानाध्यक्ष कप्तानगंज को दी गई तहरीर में आर.के. आरतियन ने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्र के गरीब और वंचित लोगों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। इसी कारण कुछ उच्च वर्ग के लोग उनसे नाराज रहते हैं।

तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि रोहन त्रिपाठी नामक व्यक्ति, जो दक्षिण दरवाजा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जाति सूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आर.के. आरतियन के अनुसार आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर सहित अन्य माध्यमों पर वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त वीडियो उनके पास भी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित है।

आर.के. आरतियन का कहना है कि इस घटना के बाद उनका परिवार तथा भारत मुक्ति मोर्चा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भय और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।

कप्तानगंज थाने में तहरीर देने के दौरान आर.के. आरतियन के साथ बामसेफ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आर.के. आनंद, बीएमपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चन्द्रिका प्रसाद, मंडल अध्यक्ष हृदय गौतम, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रेमनन्दबंशी, चन्द्र प्रकाश गौतम और बुद्धेश राना समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Previous Post Next Post