दिलीप कुमार | 09 मार्च 2026 | बस्ती
बस्ती। बस्ती में सोमवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान आए मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में महिलाओं ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद तथा अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े मामलों को प्रस्तुत किया। राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और पीड़ित महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 08 मामले सामने आए। इनमें मालती देवी, संजना शुक्ला, नीतू सिंह, यशोदा देवी, सोना देवी, गुंजा निषाद, खुशी सिंह तथा मकदूम के प्रकरण शामिल रहे, जिनकी सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, जिला समन्वयक सचिन कसौधन, एडीओ समाज कल्याण एस.एन. चौधरी, सीडीपीओ बलराम सिंह, वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की शांति देवी, किरन और रमा यादव, साधना अग्रहरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
